महाराष्ट्र में कथित आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक ऑनलाइन नेटवर्क को लेकर एटीएस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच एजेंसी ने मुंबई में कई जगहों पर छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़ी प्रचार सामग्री ऑनलाइन देखने और साझा करने का आरोप है. इस मामले में दो अन्य युवकों की भूमिका भी जांच के दायरे में है.
एटीएस का कहना है कि यह मामला ऑनलाइन कट्टरपंथ और आतंकी संगठनों के डिजिटल नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है. इसी आधार पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए (UAPA) के तहत केस दर्ज किया गया है. फिलहाल एजेंसी पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.
कई इलाकों में ATS की छापेमारी
सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध ऑनलाइन कट्टरपंथ की जांच के सिलसिले में एटीएस को खुफिया जानकारी मिली थी. इस सूचना के आधार पर सोमवार देर रात मुंबई के कुर्ला, गोवंडी और शिवाजी नगर इलाकों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया. इन छापों के दौरान कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए गए. अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी का मकसद उन लोगों की पहचान करना था जो प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़ी सामग्री को ऑनलाइन देख या साझा कर रहे थे. इसी कार्रवाई के दौरान एक युवक को हिरासत में लिया गया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

